गढ़वा | श्री बंशीधरनगर थाना क्षेत्र के पाल्हे गांव में शनिवार की देर शाम मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन में जा रहे रोहित कुमार पिता मुनेश्वर राम को इस गांव के चार-पांच युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार गढ़वा थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी 18 वर्षीय रोहित कुमार पाल्हे गांव स्थित ननिहाल में गया था। वहीं प्रतिमा विसर्जन के लिए गांव के लड़कों के साथ शामिल हो गया। इस दौरान पाल्हे गांव के एक टोला के शिवशांत कुमार, शिवम कुमार, सोनू कुमार, रौशन कुमार समेत छह युवकों ने एक खास गीत बजाने के लिए दबाव बनाया। रोहित कुमार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उन लोगों ने उसी को मारपीट कर दिया। इस घटना में रोहित कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी है। गढ़वा | ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की और से विगत 13 दिनों से चल रहे सॉफ्ट खिलौना बनाने का प्रशिक्षण का समापन रविवार को किया गया। संगबरिया पंचायत के मुखिया संजय राम ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके लोगों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया। इस मौके पर मुखिया संजय राम ने कहा कि खिलौना मेकिंग का प्रशिक्षण आप लोगों को बेहतर प्रशिक्षक के माध्यम से आप सभी को सॉफ्ट खिलौने बनाने की तकनीक सिखाई गई है। आप इसका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बेरोजगारों को आत्मनिर्भर बनाना है।


