भास्कर न्यूज़ | कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत होली फैमिली अस्पताल के समीप रविवार तड़के करीब तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रांची जिला के ओरमांझी निवासी 42 वर्षीय धर्मजय कुमार के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, धर्मजय कुमार कार से रांची से पटना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक टोयोटा मालवाहक वाहन से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग खुलने के बावजूद चालक की जान नहीं बच सकी।घटना के बाद कार में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में क्रेन की सहायता से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थाना परिसर लाया गया। फिलहाल इस मामले में थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।उल्लेखनीय है कि रांची-पटना मुख्य मार्ग पर होली फैमिली के पास का इलाका लंबे समय से ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है। यहां संकरी सड़क, तीखा मोड़ और ढलान होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट लगाने और चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। एक्सीडेंट वाले मामले में मृतक के पत्नी प्रीति सिंह द्वारा ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है फिलहाल ट्रक चालक फरार है


