भास्कर न्यूज | लुधियाना गलाडा कार्यालय में घोटालों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब ताजा मामला सेक्टर-40 के फ्लैट नंबर 907 का सामने आया है, जिसमें फर्जीवाड़े के जरिए मृतक के नाम पर किसी और को एनओसी जारी कर दी गई। हरप्रीत सिंह और सरबजीत कौर के पिता भजन सिंह का निधन वर्ष 2012 में हो चुका था। उन्हें हाल ही में पता चला कि उनके पिता के नाम पर जो फ्लैट अलॉट हुआ था, उसकी एनओसी किसी जाली व्यक्ति को दे दी गई है। जब वे सभी दस्तावेज लेकर गलाडा कार्यालय पहुंचे, तो अफसरों ने न केवल टालमटोल किया बल्कि बीते पांच वर्षों से उन्हें लगातार चक्कर कटवा रहे हैं। एक निजी कंपनी में काम करने वाली सरबजीत कौर ने बताया कि वे छुट्टी लेकर दफ्तर आती हैं। सुबह 11 बजे से अधिकारी से मिलने के लिए इंतजार कर रही थीं, दोपहर 1 बज गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जब उन्होंने मीडिया को बुलाया, तब जाकर अधिकारी बाहर निकले और रटे-रटाए जवाब में कहा कि जल्द कार्रवाई की जाएगी। सरबजीत ने कहा कि जिसने मेरे पिता के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार किए हैं, उसके खिलाफ मामला दर्ज हो और फ्लैट की फर्जी एनओसी को रद्द कर हमारे नाम पर ट्रांसफर की जाए।


