भास्कर न्यूज | लुधियाना डीएवी पब्लिक स्कूल बीआरएस नगर के इको क्लब ने क्लासरूम टू कम्युनिटी पहल के तहत वर्मीकॉम्पोस्टिंग पर एक कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के तहत पंजाब राज्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद और डीएवी कॉलेज जालंधर के समर्थन से किया गया। जो पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार के मार्गदर्शन में था। सत्र में प्रतिभागियों को जैविक अपशिष्ट के जिम्मेदार प्रबंधन के प्रति संवेदनशील बनाने और स्कूल और घर दोनों स्तरों पर पर्यावरण अनुकूल प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस कार्यशाला के दौरान, इको क्लब के सदस्यों ने वर्मीकॉम्पोस्टिंग की अवधारणा, प्रक्रिया और महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने कार्यशाला में उत्सुकता दिखाई। उन्हें अपशिष्ट वर्गीकरण, उचित नमी स्तर बनाए रखने और प्रभावी ढंग से वर्मीकॉम्पोस्ट की कटाई पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यशाला ने मृदा संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और स्थायी जीवन में वर्मीकॉम्पोस्टिंग के योगदान पर जोर दिया।


