भास्कर संवाददाता| सीहोर अंतरराष्ट्रीय मृदा दिवस का आयोजन आरएके कृषि महाविद्यालय में किया गया। इस साल विश्व मृदा दिवस का विषय “स्वस्थ शहर के लिए स्वस्थ मिट्टी” रखा गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, कृषकों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटिका को सराहा गया। इसमें शहरों में मिट्टी को स्वस्थ रखने, प्लास्टिक उपयोग में कमी, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण, रीसाइक्लिंग, और शहरीकरण के कारण मिट्टी में हो रहे साइलिंग और भूजल स्तर पर इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीएमएचओ डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एम. यासीन अध्यक्ष के रूप में और मृदा विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.सी. गुप्ता संयोजक के रूप में उपस्थित रहे। कृषक प्रतिनिधि के रूप में प्रगतिशील किसान प्रहलाद सिंह और भगत भी कार्यक्रम में शामिल हुए। रंगोली व पोस्टर प्रतियोगिता हुई: कार्यक्रम में छात्रों द्वारा रंगोली व पोस्टर प्रतियोगिता में सहभागिता की गई, जिनका आयोजन सरिता मांडेकर और डॉ. अराधना ठाकुर व मूल्यांकन डॉ. दत्ता और डॉ. गाठिये द्वारा किया गया। इसी क्रम में स्थानीय ब्राइट करियर स्कूल के छात्र–छात्राओं के बीच महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्य डॉ. आशीष मिश्रा तथा मृदा विज्ञान विभाग के स्नातकोत्तर छात्रों द्वारा मृदा स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित जानकारी साझा की गई, जिसमें स्कूल प्राचार्या निधि गुप्ता सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।


