नीमच कलेक्टर कार्यालय में बुधवार शाम को बड़ी संख्या में मेघवाल समाज के लोग पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कड़ी बुजुर्ग गांव में भरत मेघवाल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। मामले में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और दोषी डंपर चालक और डंपर मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही मंदसौर जिले की गरोठ तहसील के ढाकनी गांव निवासी समाज की महिला सुगना बाई मेघवाल की निर्मम हत्या की गई थी। इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। ज्ञापन तहसीलदार संजय मालवीय को सौंपा गया।


