मेजबान स्कूल ने बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में मारी बाजी

भास्कर संवाददाता| भैरूंदा राय साहब भंवर सिंह पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। खेल भावना और जोश से भरे इस आयोजन में मेजबान टीम ने खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि उप निरीक्षक पूजा सिंह राजपूत रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक डॉ. नरेंद्र सिंह भाटी ने की। मंच पर प्राचार्य एमजी शिबू पिल्लई और उप प्राचार्य आरएस पंवार भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि पूजा सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हार-जीत से ज्यादा जरूरी खेल भावना है। खेल शरीर को स्वस्थ रखते हैं। साथ ही अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व की भावना भी विकसित करते हैं। प्रतियोगिता 16 और 17 दिसंबर को हुई। इसमें नगर के कई स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला राय साहब भंवर सिंह पब्लिक स्कूल और वीणांचल गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के बीच खेला गया। मैच रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष किया। रेडर्स और डिफेंडर्स की सूझबूझ ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। आखिर में मेजबान टीम ने 19 अंकों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। वीणांचल की टीम उपविजेता रही। शानदार प्रदर्शन पर खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। महिमा को बेस्ट रेडर चुना राय साहब भंवर सिंह पब्लिक स्कूल की कप्तान महिमा पंवार को उनके आक्रामक और सफल रेड्स के लिए बेस्ट रेडर चुना गया। वहीं वीणांचल की यशिका कलोता को उनके अभेद्य डिफेंस के लिए बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार मिला। मैच के अंपायर पवन मालवीय, रोहित यादव और मस्तान कीर द्वारा किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पूजा सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल, विजेता कप और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उपविजेता टीम को भी रनर-अप ट्रॉफी व पदक प्रदान किए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *