रीगल तिराहे का भूमिगत मेट्रो स्टेशन पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में स्थित इंडियन कॉफी हाउस (आईसीएच) के सामने स्थित खाली जगह पर बनेगा। तिराहे पर जगह नहीं होने की स्थिति में यहां का चयन किया गया है। हालांकि यहां सिर्फ स्टेशन बनेगा। यात्रियों के स्टेशन तक पहुंचने के लिए एक एंट्री-एग्जिट पॉइंट रीगल व दूसरा रवींद्र नाट्य गृह के पास बनाया जाएगा। दोनों प्रवेश द्वार से यात्री करीब 200 मीटर टनल द्वारा स्टेशन तक पहुंचेंगे। ऐतिहासिक धरोहर रानी सराय बिल्डिंग को बचाने के लिए मेट्रो ट्रैक पुराने कुएं से होकर, पुरानी बैरक और अजाक थाने की तरफ जाएगा। एडिशनल पुलिस कमिश्नर आरके सिंह ने बताया मंगलवार को मेट्रो के अफसरों के साथ दौरा किया। अफसरों ने प्लान बनाया है कि उनका एक भूमिगत रेलवे स्टेशन इंडियन कॉफी हाउस के सामने खाली मैदान पर बनना है। स्टेशन में अंदर जाने के लिए रीगल सिनेमा की तरफ एक मार्ग बनेगा। दूसरा मार्ग रवींद्र नाट्य गृह के पीछे खाली जमीन पर बनेगा। इन्हीं दोनों जगहों पर मेट्रो की पार्किंग भी बनेगी। अजाक थाना और बैरक स्टेशन के दायरे में रानी सराय को बचाने का प्लान पहले से जारी है। इसलिए अब रानी सराय मल्टी के पास स्थित पुलिस की पुरानी बैरक और अजाक थाने ही मेट्रो के दायरे में आएंगे। टीसीएस से रोबोट के बीच कमर्शियल रन की तैयारी
उधर, गांधी नगर से टीसीएस चौराहा तक 6.5 किमी में मेट्रो ट्रेन के कमर्शियल रन के बाद अब टीसीएस चौराहा से रोबोट चौराहा तक 11 किमी में मेट्रो के कमर्शियल रन की तैयारी चल रही है। यहां रिसर्च डिजाइन स्टैंडर्ड ऑर्गनाइजेशन (आरडीएसओ) की टीम निरीक्षण कर चुकी है। मार्च 2026 तक कमर्शियल रन के लिए इस हिस्से में एलिवेटेड कॉरिडोर का काम तेजी से जारी है। इस पूरे रूट पर 16 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसमें गांधी नगर से टीसीएस चौराहा तक 6.5 किमी में मई 2025 में कमर्शियल रन शुरू किया जा चुका है। इस सेक्शन पर सितंबर 2023 में ट्रायल रन किया गया था। अब शेष 11 किमी के रूट पर मेट्रो चलाने की तैयारी अंतिम चरण में है। तकनीकी पहलुओं पर विशेष काम


