झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में कार्यरत लेखाधिकारी साधु लाल मीणा के खिलाफ चिकित्सा शिक्षकों ने शिकायत दर्ज कराई है। मेडिकल टीचर एसोसिएशन ने प्रिंसिपल के माध्यम से राजमेस शासन सचिव को एक ज्ञापन भेजकर लेखाधिकारी की कार्यशैली पर कार्रवाई की मांग की है। टीचर एसोसिएशन की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया है कि लेखाधिकारी साधु लाल मीणा की कार्यशैली लंबे समय से ठीक नहीं है, जिससे शिक्षकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह शिकायत टीचर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. महावीर मीणा की अगुआई में दी गई थी। ज्ञापन में चिकित्सा शिक्षकों ने आरोप लगाया कि मुख्य लेखाधिकारी तीन वर्षों से अधिक समय से संस्थान में कार्यरत हैं। उनकी कार्यशैली दादागिरी पूर्ण और भ्रष्टाचार से लिप्त रही है, जिसके कारण संस्थान का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक वातावरण दूषित हो रहा है। शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि सीएओ मीणा चिकित्सा शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और जानबूझकर उनके वेतन-भत्तों में व्यवधान डालकर उन्हें रोकते हैं। कई चिकित्सा शिक्षकों का वेतन निर्धारण डेढ़ वर्ष से लंबित है। इस मामले में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय पोरवाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने इसे राजमेस शासन सचिव को भेज दिया है। वहीं, टीचर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. महावीर मीणा ने पुष्टि की कि उनके पास शिकायतें आई थीं, जिस पर उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है। लेखाधिकारी साधु लाल मीणा ने मीडिया से बात करते हुए इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वे नियमानुसार कार्य कर रहे हैं।


