रांची| बूटी स्थित मेडिक्योर हॉस्पिटल में सीनियर सिटीजंस के स्पेशल केयर के लिए गोल्डन केयर फॉर गोल्डन ईयर्स की शुरुआत की गई। इसके तहत सीनियर सिटीजंस के लिए मासिक और वार्षिक सदस्यता कार्ड जारी किया गया। हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. अमिताभ कुमार पांडेय ने बताया कि इस हॉस्पिटल में इंटीग्रेटेड अप्रोच के साथ आयुर्वेद और एलोपैथ दोनों पद्धति से चिकित्सा की सुविधा मरीजों को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गोल्डन केयर स्कीम उन बुजुर्गों के लिए बहुत मददगार साबित होगा, जो 60 वर्ष या इससे अधिक के हैं और उनके बच्चे शहर या देश से बाहर रहते हैं या किसी कारण से बुजुर्ग अकेले रहते हैं तो उनके लिए बहुत फायदेमंद एवं जीवनदायी है। इसके तहत प्रतिमाह एक दिन उन्हें घर से लाने-पहुंचाने के साथ ही दिनभर हॉस्पिटल में उनके स्वास्थ्य संबंधित जांच, चिकित्सकीय परामर्श के साथ ही लाइफ मोडिफिकेशन के लिए आयुर्वेद, पंचकर्म, योग के साथ ही बुजुर्गों के अंदर बेहतर जीवन की चाह जगाकर उनकी ऊर्जा को समायोजन करने की योजना बनाई गई है। आपातकालीन स्थिति में उनको 365 दिन 24 घंटे इमरजेंसी केयर और एंबुलेंस की सेवा एक फोन कॉल पर उपलब्ध रहेगी।


