मेन रोड, कोकर, कांके रोड, धुर्वा में रात में चला ड्रंक एंड ड्राइव अभियान

नए साल के जश्न का दौर शुरू हो गया। मंगलवार की रात कई युवा शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहन चलाते िदखे। इन पर लगाम लगाने के लिए देर रात सिटी एसपी पारस राणा व ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर सड़कों पर निकले और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया। अधिकारियों ने कई वाहनों की जांच की। पुलिस ने सख्त हिदायत दी कि नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए तो पैदल ही घर जाना होगा। इसके अलावा गाड़ी भी जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए कोर्ट भेज दिया जाएगा। मेन रोड के अलावा कोकर पुल, कचहरी चौक, कांके रोड, सुजाता चौक, हिनू चौक, धुर्वा समेत अन्य जगहों पर पुलिस अलर्ट मोड में दिखी। थानेदार भी अपने-अपने इलाके में देर रात तक सड़कों पर जमे रहे। चेकिंग में तैनात पीसीआर और पेट्रोलिंग गाड़ी को विशेष दिशा-निर्देश देते रहे। सख्ती के बाद भी 3 घंटे में 3 जगह बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त : पुलिस की सख्ती के बाद भी वाहनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगा। 3 घंटे अंतराल में 3 जगह बाइक सवार का एक्सिडेंट हुआ। पहली घटना शाम 7:30 बजे मोरहाबादी मैदान में हुई, जिसमें बाइक सवार के पैर में गंभीर चोट लगी। वहीं दूसरी घटना रात 7.35 बजे आड्रे हाउस के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कार ने एक स्कूटी सवार को धक्का मार दिया। स्थानीय लोगों ने उसे उठाया। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे तीसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के ओल्ड एचबी रोड स्थित शांति नगर में हुई। यहां तेज रफ्तार कर सवार ने एक गिग वर्कर को धक्का मार दिया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं धक्का मारने वाला चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *