भास्कर न्यूज| लुधियाना मेयर इंदरजीत कौर ने शहरियों को मच्छरों से होने बीमारियों से बचाने के लिए निगम कर्मचारियों को 20 नई हैंडी फागिंग मशीनें सौंपी। उन्होंने हंबड़ां रोड स्थित वर्कशॉप के दौरे के दौरान कर्मचारियों को शहर भर में फॉगिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा। मेयर ने वर्कशॉप का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को सफाई सुनिश्चित करने तथा ई-रिक्शा, जेसीबी मशीन आदि की जल्द से जल्द मरम्मत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एक्सईएन अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मेयर ने बताया कि बड़ी फॉगिंग मशीनों के अलावा, सभी वार्डों में स्वास्थ्य शाखा के कर्मचारियों को सड़कों व गलियों में फॉगिंग सुनिश्चित करने के लिए हैंडी व मिनी फॉगिंग मशीनें दी गई हैं। कुछ हैंडी मशीनों में पहले खराबी आ गई थी, जिससे कर्मचारियों को नई मशीनें दी गई हैं। शहर में लगातार बारिश हुई है, जिसके चलते मच्छर जनित बीमारियों से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए फागिंग अभियान चलाया जा रहा है। मेयर ने कहा कि अधिकारियों को वर्कशॉप में पड़ी ई-रिक्शा और अन्य मशीनरी की जल्द मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह मशीनरी भी जनता की सेवा अधिक कुशलता से करने के लिए तैनात की जाएगी।


