मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र की हवाईपट्टी कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक क्लीनिक पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने डॉक्टर शुभम और उनकी पत्नी पारूल के साथ मारपीट की और डॉक्टर के गले से सोने की चेन लूट ली। इंद्रापुरम निवासी डॉक्टर शुभम का ‘प्रेक्षा क्लीनिक’ सुबह करीब 11 बजे खुला था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवक क्लीनिक में घुस गए। उन्होंने डॉक्टर शुभम और उनकी पत्नी पारूल के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बदमाशों ने डॉक्टर के गले से करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन छीन ली। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चारों आरोपी क्लीनिक में घुसते और भागते हुए साफ दिख रहे हैं। पुलिस बाइक नंबर और आरोपियों की मूवमेंट को ट्रैक करने में जुटी है। डॉक्टर शुभम ने एक हमलावर की पहचान करने का दावा किया है और उसे नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डॉक्टर का कुछ दिन पहले एक पड़ोसी युवक से विवाद हुआ था, जिससे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। इंस्पेक्टर सतवीर सिंह अत्री ने बताया कि यह मामला दो पक्षों के बीच मारपीट का है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


