मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात बटजेवरा मार्ग पर शादी समारोह में जा रहे दो युवकों पर हमला हुआ। तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर मारपीट की और 5 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भेजा और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जेवरी गांव निवासी अक्षय और गौरव खिर्वा रोड पर थे, तभी तीन युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। विरोध करने पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उनसे पांच हजार रुपये की नकदी भी लूट ली गई। हमले में अक्षय का होंठ फट गया, जबकि गौरव के सिर में गंभीर चोटें आईं। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर जेवरी गांव से परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी। अक्षय के तहेरे भाई संदीप ने बताया कि उन्हें हमलावरों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। कंकरखेड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सड़क किनारे लगे सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए हैं। थाना पुलिस के अनुसार, यह मामला बाइक टकराने को लेकर हुए विवाद का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि लूट जैसी कोई घटना नहीं हुई है, केवल मारपीट हुई है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य इनपुट के आधार पर हमलावरों की लोकेशन और बाइक की पहचान जल्द स्पष्ट हो जाएगी। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।


