मेरे मम्मी-पापा बहुत नाराज हैं, मैंने उनकी बात नहीं मानी है। वे मुझसे बात नहीं कर रहे हैं और न ही मेरा मुकदमा लड़ेंगे। इसलिए 4 दिन होने के बाद भी कोई मेरे घर से मिलने नहीं आया है। इस तरह मैं अपनी बात कोर्ट के सामने नहीं रख पाऊंगी। इसके लिए मुझे एक सरकारी वकील उपलब्ध कराया जाए ताकि मैं अपनी बात रख सकूं। सौरभ की हत्या के आरोप में जेल में बंद पत्नी मुस्कान ने जेल प्रशासन को ये पत्र दिया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने दैनिक भास्कर से बातचीत की। उन्होंने जेल में बंद मुस्कान और साहिल के बारे में बताया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक से बातचीत पढ़िए… सवाल: क्या मुस्कान ने सरकारी वकील की डिमांड की है?
जवाब: कल शाम को मुस्कान ने मेरे सामने उपस्थित होने के लिए रिक्वेस्ट भेजी थी। मैंने उसे बुलाया। मुस्कान ने मुझसे कहा कि मेरे घर वाले मुझसे नाराज हैं। वो मेरा केस नहीं लड़ेंगे। इसलिए मुझे केस लड़ने के लिए एक सरकारी वकील चाहिए। हमने उससे प्रार्थना पत्र ले लिया है। उसे कोर्ट को भेजेंगे। अगर कोई बंदी सरकारी वकील की डिमांड करता है तो उसे वकील दिलवाना हमारा कर्तव्य है। जिला विधिक और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से सरकारी वकील दिलवाते हैं। उसे जल्द सरकारी वकील आवंटित हो जाएगा। सवाल: क्या मुस्कान और साहिल नशे के लिए परेशान हैं?
जवाब: डॉक्टरों का कहना है कि उनको नशे की लत थी। कौन सा नशा लेते थे इसका विवरण नहीं पता है। लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि नशे में इंजेक्शन और सूखा नशा लेते थे। इससे बचाव के लिए के लिए उन्हें दवाई दी जा रही है। सवाल: क्या दोनों को नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा जाएगा?
जवाब: जेल में नशा मुक्ति केंद्र और डॉक्टरों के माध्यम से अगर कोई फायदा नहीं हो रहा हो। साथ ही डॉक्टर अगर रेफर जैसी बात करते हैं कि इन्हें बाहर से काउंसिलिंग की आवश्यकता है, तब हम भेजते हैं। सवाल: क्या साहिल ने भी सरकारी वकील की डिमांड की है?
जवाब: नहीं, साहिल ने कहा है कि संभवत मेरे घर वाले केस लड़ेंगे तो मुझे अभी सरकारी वकील नहीं चाहिए। अगर नहीं आते हैं तब मुझे सरकारी वकील चाहिए होगा। सवाल: मुस्कान ने क्या अपनी बेटी को याद किया है?
जवाब: हम लोग किसी के व्यक्तिगत जीवन में दखल नहीं देते हैं। फिलहाल अभी कोई उससे मिलने जेल में नहीं आया है। दोनों के परिजनों में से कोई मिलने नहीं आया है। अब तक पुलिस जांच में क्या सामने आया…
पति सौरभ की प्रेमी साहिल संग हत्या करने वाली मुस्कान को अपने किए का जरा भी पछतावा नहीं था। मुस्कान हत्या के दूसरे ही दिन प्रेमी साहिल के साथ शिमला, मनाली और कसौल घूमने निकल गई। पुलिस की जांच और कैब ड्राइवर से पूछताछ में सामने आया कि इस ट्रिप का पूरा खर्चा मुस्कान ने ही उठाया था। मुस्कान हर पेमेंट ऑनलाइन अपने फोन से करती थी। कैश कहीं नहीं दिया। ड्राइवर ने बताया कि दोनों के पास कैश नहीं था। सारे पेमेंट ऑनलाइन हो रहे थे। अगर गांजा या ड्रग्स लेते तो उसके लिए नकद रुपया देना पड़ता जो इनके पास नहीं था। ड्राइवर के मोबाइल में मुस्कान की कई फोटो
पुलिस ने कैब ड्राइवर का मोबाइल भी चेक किया। मोबाइल में मुस्कान की कई तस्वीरें मिली हैं। इसमें कुछ तस्वीरें ट्रिप की भी हैं। माना जा रहा है कि ये तस्वीरें कैब ड्राइवर ने चोरी छिपे क्लिक की होंगी। कैब ड्राइवर 14 दिन में मुस्कान के काफी करीब आ गया। दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई। मुस्कान ने अपने प्राइवेट सोशल मीडिया अकाउंट से भी अजब सिंह को जोड़ लिया। साहिल, मुस्कान के वायरल वीडियो की होगी जांच
हत्याकांड के बाद मुस्कान और साहिल के कुछ वीडियो और फोटो कैसे वायरल हुए, पुलिस इसकी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि ड्राइवर अजब सिंह ने ही इन वीडियो, फोटो को लीक किया है। वहीं पुलिस इन वीडियो, फोटो की भी जांच करा रही है कहीं ये फर्जी तो नहीं हैं। तीनों के मोबाइल फोरेंसिक टीम को दिए जाएंगे
वहीं पुलिस साहिल, मुस्कान का रिमांड एप्लिकेशन डालेगी। पुलिस इन दोनों को सबूतों की तस्दीक के लिए बुलाएगी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जो वीडियो वायरल हो रहे हैं उनकी जांच की जा रही है। मुस्कान साहिल और सौरभ तीनों की कॉल डिटेल, तीनों के मोबाइल भी चेक होंगे। मोबाइल फोरेंसिक टीम को दिए जाएंगे। अगर जरूरत पड़ी तो मुस्कान, साहिल को हिमाचल ले जाया जाएगा। कैब ड्राइवर को भी जरूरत पड़ने पर शिमला, मनाली ले जाया जाएगा। ताकि जिन होटलों में मुस्कान साहिल रुके, कहां गए, ट्रिप पर क्या किया इसकी जांच हो सके। पुलिस के पास बयान और हत्या से जुड़े सारे सबूत भी हैं। जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी। साहिल का कमरा खोलने पर इंस्पेक्टर पर जांच
साहिल के कमरे को खोलने के मामले में ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर शक के घेरे में आ गए हैं। एसएसपी के आदेश पर इंस्पेक्टर की जांच की जा रही है। आखिर इन्वेस्टिगेशन के दौरान साहिल का कमरा क्यों खोला गया। वहां आम लोगों को एंट्री कैसे दे दी गई। ये कमरा हत्याकांड में मुख्य एविडेंस है। जहां साहिल और मुस्कान ने 3 मार्च की रात सौरभ के सिर और दोनों कटे हुए हाथों के साथ रात गुजारी थी। ऐसे में यह कमरा जांच का अहम हिस्सा है। लेकिन इंस्पेक्टर ने इस कमरे का ताला खोलकर वहां लोगों को एंट्री दी। शक है कहीं मंशा सुबूतों से छेड़छाड़ की तो नहीं थी। सौरभ मुस्कान के घर पुलिस तैनात
वहीं इंद्रानगर के जिस मकान में सौरभ की हत्या की गई उसके मकान मालिक ओमपाल ने साहिल के साथ मुस्कान को गलत हालत में देखा था। इसकी जानकारी उसने सौरभ को दी थी। मकान मालिक ओमपाल ने अपनी जान का खतरा बताया है। मकान मालिक के घर के बाहर एक पुलिसकर्मी तैनात किया गया है। जो दिनरात वहां ड्यूटी दे रहा है। हत्या के दिन ही वॉशिंग मशीन लाया था सौरभ
जिस घर में मुस्कान ने सौरभ की हत्या की उस घर की बालकनी में अभी भी मुस्कान, सौरभ के कपड़े सूख रहे हैं। घर में ताला लगा है लेकिन बालकनी में नई वॉशिंग मशीन रखी है। जिस पर रिबन चढ़ा है और उसका कार्टन भी मशीन के ऊपर रखा है। पड़ोसियों ने बताया कि मुस्कान ने 3 मार्च को नई मशीन में कपड़े धोए थे। सौरभ उसी दिन नई वॉशिंग मशीन और कूलर लाया था। उसी दिन रात को मुस्कान ने सौरभ की हत्या कर दी। वहीं घर के फर्श पर बीड़ी और माचिस के अधजले टुकड़े पड़े हैं। एक हथौड़ा और सीमेंट की बोरी और ईंटें रखी हैं। माना जा रहा है कि मुस्कान ने लाश को ठिकाने लगाने के लिए ये हथौड़ा रखा था। लेकिन हत्याकांड बीच में खुलने से वो ऐसा कर नहीं कर पाई। मुस्कान ने सीमेंट निकालकर सौरभ की लाश के साथ ड्रम में डाल दिया। 18 मार्च को मुस्कान ने दोपहर में 3 मजदूरों को भी लाश ठिकाने लगाने के लिए बुलाया था लेकिन उन मजदूरों ने ड्रम को भारी देखकर मना कर दिया। फिर थाने में इसकी सूचना दे दी थी। मुस्कान के घरवाले नहीं निकले बाहर
वहीं हत्याकांड के बाद से मुस्कान का परिवार अभी घर के अंदर बंद है। वो घर से बाहर नही निकले। शनिवार को भी कई पड़ोसी उनसे मिलने पहुंचे लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। पड़ोसियों ने बताया कि ये लोग अभी तक बाहर ही नहीं आए। ——————— यह खबर पढ़ें… ऑटो ड्राइवर ने महिला पैसेंजर को किडनैप कर मार डाला:घर छोड़ने की जगह आम के बाग ले गया, वाराणसी से इंटरव्यू देकर लखनऊ आई थी लखनऊ में आम के बगीचे में 32 साल की महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला वाराणसी में एक प्राइवेट कंपनी में इंटरव्यू देकर रोडवेज बस से लखनऊ आई थी। फिर रात में करीब ढाई बजे आलमबाग से ऑटो पर बैठकर भाई के घर चिनहट जा रही थी। इस बीच उसने घर वालों को अपने आने की सूचना देने के साथ अपनी लाइव लोकेशन भी भेज दी। यहां पढ़ें पूरी खबर


