दौसा के मेहंदीपुर बालाजी मंदिर ट्रस्ट ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए पुलिस बेड़े को एक कार सौंपी है। सिद्धपीठ के महंत डॉ नरेशपुरी महाराज के सानिध्य में विधिवत पूजन के बाद मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने डिप्टी एसपी दीपक मीणा व थाना इंचार्ज गौरव प्रधान को कार की चाबी सौंपी। महंत का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन का सहयोग बेहद जरूरी है। वहीं डिप्टी एसपी और थाना इंचार्ज ने कहा कि कई बार संसाधनों की कमी की वजह से त्वरित कार्रवाई करने में परेशानी आती है। ऐसे में बालाजी ट्रस्ट द्वारा दी गई कार कई कमियों को दूर करेगी। बता दें कि मेहंदीपुर बालाजी मंदिर ट्रस्ट द्वारा धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकार निभाने में भी हमेशा अग्रणी रहा है। विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के वक्त पीड़ित लोगों की मदद, कन्या विवाह, बालिका शिक्षा व चिकित्सा के क्षेत्र में कई प्रकल्प चलाए जा रहे हैं। साथ ही बड़े धार्मिक आयोजनों में भी सहयोग करता रहा है।


