मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में नया सत्र शुरू

जालंधर | मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ महात्मा आनंद स्वामी ऑडिटोरियम में हवन यज्ञ के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच स्टाफ और विद्यार्थियों ने आहुतियां अर्पित कीं। डी.ए.वी. सी.एम.सी. के सदस्य कुंदन लाल अग्रवाल मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रिंसिपल एस.के. गौतम, प्रिंसिपल कवलजीत कौर, सुधीर शर्मा, ललित सिंगला सहित नवप्रवेशित विद्यार्थी, उनके अभिभावक, विभागाध्यक्ष और सेवानिवृत्त स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। हवन की प्रक्रिया प्रभु दयाल के निर्देशन में संपन्न हुई और विद्यार्थियों ने स्वयं अनुष्ठान कराया। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने विद्यार्थियों व अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कॉलेज की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि यह पंजाब का एकमात्र पॉलिटेक्निक कॉलेज है जिसे दो कार्यक्रमों में एन.बी.ए. मान्यता मिली है और राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मुख्य अतिथि कुंदन लाल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने का संदेश दिया। इस अवसर पर कॉलेज का नया प्रॉस्पेक्ट्स कुंदन लाल अग्रवाल, डॉ. जगरूप सिंह और विभागाध्यक्षों ने जारी किया तथा प्रति विद्यार्थियों को वितरित की गई। वर्ष 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ऑटोमोबाइल, फार्मेसी, इलेक्ट्रिकल और सिविल विभागों के स्टाफ सदस्यों को सम्मानित किया गया। डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल और फार्मेसी की सभी सीटें भर चुकी हैं, जबकि कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और लेटरल एंट्री की कुछ सीटें शेष हैं। अंत में प्रसाद स्वरूप लड्डू बांटे गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *