इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के संस्थापक डॉ. अजय मुर्डिया से 30 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोपी बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद शुक्रवार को 2 महीने 11 दिन बाद उदयपुर सेंट्रल जेल से बाहर निकले। उन्होंने सबसे पहले परिसर में भगवान शिव के दर्शन किए। फिर मीडिया से कहा कि मैंने करीब ढाई महीने उदयपुर की जेल में काटे। यकीन था कि सच्चाई जरूर सामने आएगी। जेल में एक दोस्त बना। उन्होंने मुझे मेवाड़ की मिट्टी की तासीर बताई कि ये मेवाड़ है, जहां सत्य परेशान हो सकता, पराजित नहीं। मैं इसी मेवाड़ का टीका लगाकर जा रहा हूं कि सत्य पराजित नहीं होगा। मैं कृष्ण का भक्त हूं। मैं वहीं रहा, जहां श्रीकृष्ण पैदा हुए थे। श्रीकृष्ण मेरे अंदर हैं। इस देश के कानून पर मुझे पूरा भरोसा है। इस बयान पर डॉ. अजय मुर्डिया ने कहा- मैं भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करता हूं कि वे विक्रम भट्ट को सद्बुद्धि दें ताकि विक्रम किसी और के साथ धोखाधड़ी नहीं करें। मेवाड़ धर्म निष्ठा-स्वाभिमान का पर्याय है। इसलिए दूसरों के साथ धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपए हड़पने वाले मेवाड़ की पवित्र माटी की गरिमा का ध्यान जरूर रखें।


