मैच टिकट की कालाबाजारी करनेवाले 3 आरोपी अरेस्ट:13 टिकट भी जब्त, गिरोह के 7 सदस्य फरार

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के टिकट 5 गुणा ऊंची कीमत पर कालाबाजारी करने वाले तीन आरोपियों को धुर्वा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है। जेल भेजे गए आरोपियों के नाम अरविंद सिंह, प्रियांशु राज और सुधीर कुमार हैं। तीनों आरोपी धुर्वा के ही रहने वाले हैं और अपने 7 अन्य दोस्तों के साथ मिलकर टिकट कालाबाजारी का गिरोह चला रहे थे। फिलहाल गिरोह के 7 सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया है कि गिरोह का सरगना विशाल चिक्की है और उसी के इशारे पर जितेन्द्र जायसवाल, अमित टोबो, संतोष कुमार, ऋतिक सिंह, मनीष कुमार व सुमित उर्फ बुच्चा के साथ मिलकर टिकट कालाबाजारी का प्लान तैयार किया गया था। 25 व 26 नवंबर को टिकट मिलना शुरू हुआ। इन सभी ने मिलकर काफी संख्या में रेजा-कुली को कतार में खड़ा कराया और काउंटर से बड़ी संख्या में टिकट खरीद लिये। इसके बाद स्टेडियम के वेस्ट गेट काउंटर के सामने मैदान के अलावा आम बगान और जेपी मार्केट समेत अन्य जगहों पर क्रिकेट प्रेमियों को 5 गुणा अधिक दाम पर ये टिकट बेच दिए। दैनिक भास्कर में टिकट कालाबाजारी से संबंधित खबर छपने के बाद पुलिस ने छापेमारी शुरू की, जिसके बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अलग-अलग दाम के कुल 13 टिकट बरामद किए गए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *