जैक का फैसला रांची | झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 3 फरवरी से दो पालियों में आयोजित होगी। लेकिन परीक्षा से पहले ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण बड़ा मुद्दा बन गया है। इस बार जैक ने रांची समेत राज्य के सभी जिलों को निर्देश दिया है कि प्रखंड स्तर पर परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाएं। हालांकि यह फैसले किस कारण लिया गया, इसकी जानकारी नहीं दी गई। पिछले वर्ष मैट्रिक और इंटर परीक्षाओं के लिए प्रखंड स्तर पर ही केंद्र तय किए गए थे, जिससे ग्रामीण इलाकों के परीक्षार्थियों को भी परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत नहीं हुई थी। घर के नजदीक केंद्र होने से समय और खर्च दोनों की बचत हुई थी। जैक के नए निर्देश के तहत अब केवल अनुमंडल स्तर पर ही परीक्षा केंद्र निर्धारित करने की बात कही गई है। इसे लेकर रांची समेत कई जिलों में प्रशासन असमंजस में है। दो दिन पहले उपायुक्त रांची की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर सहमति नहीं बन सकी। दूर-दराज के परीक्षार्थियों को आने में होगी परेशानी प्रखंड स्तर पर परीक्षा केंद्र नहीं होने से दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना बड़ी चुनौती होगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर यात्रा का अतिरिक्त बोझ भी बढ़ेगा।


