यह नजारा विश्व चीता दिवस पर गुरुवार को कूनो नेशनल पार्क में उस वक्त दिखाई दिया जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पारोंद क्षेत्र के अहेरा गेट पर बड़े बाड़े से आजाद हुई मादा चीता वीरा और उसके दो शावकों को रिलीज किया। मुख्यमंत्री ने जैसे ही पिंजरे का गेट ऊपर उठाया बाहर निकलते ही सामने खुला मैदान देख वीरा दौड़ने लगी। लेकिन, इस दौरान करीब 10 माह के शावक झिझके, एक शावक पीछे मुड़कर कुछ कदम मंच की तरफ धीरे-धीरे चलकर आया और फिर अपनी मां की तरफ देखकर पीछे-पीछे कुलांचें भरने लगे। मुख्यमंत्री द्वारा इन्हें रिलीज किए जाने के बाद अब कूनो के खुले जंगल में स्वतंत्र रूप से विचरण करने वाले चीतों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। इससे पहले खुले जंगल में 16 चीते मौजूद थे, जबकि पूरे कूनो नेशनल पार्क में वर्तमान में कुल 29 चीते हैं। इनमें 8 वयस्क चीते और 21 शावक शामिल हैं। इनमें 3 गांधी सागर अभयारण्य में विचरण कर रहे हैं।


