भास्कर न्यूज | अंबिकापुर गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट के तथास्तु हिल्स रिसॉर्ट में 40 फीट ऊंचा तिरंगा शान से लहराया गया। सीतापुर-मैनपाट के विधायक रामकुमार टोप्पो ने राष्ट्र ध्वज फहराया। यह विशाल तिरंगा मैनपाट की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा रहा है और दूर से ही पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। खास बात यह है कि तिरंगा ऐसे स्थान पर लगाया गया है, जहां से सूर्यास्त का दृश्य अत्यंत मनमोहक दिखाई देता है, जिससे यह स्थल पर्यटकों के लिए और भी खास बन गया है। बड़ी संख्या में पर्यटक मैनपाट के इस सबसे ऊंचे तिरंगे को देखने पहुंचे। विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि देश के तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने तथास्तु हिल्स रिसॉर्ट प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से न केवल राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होती है, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलते हैं। रिसॉर्ट प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां एडवेंचर गेम्स की सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को साहसिक गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष अनिल सिंह, रजनीश पांडेय, श्रीराम यादव, जमुना यादव, कमलेश सिंह, महेश नामदेव, ग्राम उरंगा के सरपंच व उपसरपंच आदि मौजूद थे।


