भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना वल्ला की पुलिस ने मैरिज रिजॉर्ट से 20 तोला सोना और एक लाख रुपए कैश चोरी कर भागने वाला आरोपी को पटियाला से काबू करके उसकी निशानदेही पर मध्यप्रदेश के गांव कदिया सांसी में पहुंचकर चोरी के गहने व कैश को बरामद किया है। यह घटना 12 जनवरी की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के गांव कदिया सांसी का रहने वाला निखिल सिसोदिया 19 के रूप में हुई है। हालांकि इस मामले में पकड़े गए आरोपी का एक साथी रितिक फरार चल रहा है। एसीपी ईस्ट विनीत अहलावत ने बताया कि 12 जनवरी को थाना एसएचओ जगजीत सिंह को सरदूल सिंह नेवासी धर्मकोट मोगा ने शिकायत देते हुए बताया कि उसके बेटे की शादी वल्ला के एक मैरिज रिजॉर्ट में हो रही थी। इस दौरान एक युवक पर्स लेकर फरार हो गया। पर्स में गहने और कैश थे। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए सीसीटीवी चैक किया, जिसमें एक युवक कोट पेंट पहने हुए पर्स उठाते नजर आया। पुलिस मोबाइल लोकेशन की जांच की तो बस स्टैंड का आया। इसी तरह जांच करते हुए आरोपी को पटियाला से 28 जनवरी को काबू किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस मध्यप्रदेश उसके गांव पहुंची और उसके घर से सारा गहना व कैश बरामद कर वापस लेकर आई। इस ऑपरेशन में मध्यप्रदेश की पुलिस भी साथ में थी। आरोपी ने मोहाली में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दूसरा आरोपी रितिक भी निखिल के गांव का रहने वाला है। वह अभी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहे हैं। एसीपी ईस्ट ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी लुधियाना, मोहाली और यूपी में रैकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। अमृतसर में इनका पहला केस है। आरोपी निखिल चोरी करने के बाद बस और ट्रेन के जरिए सबसे पहले अपने गांव मध्यप्रदेश पहुंचा और सामान को छिपाकर पटियाला में चोरी करने के फिराक में घूम रहा था। उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीम इनके गांव पहुंची तो पता चला कि वह गांव ही पूरे चोरों का है। इसके अलावा दो ओर गांव है, जहां सभी अपराधी रहते हैं। उन गांवों में पुलिस जाए तो वह पत्थर बाजी करते हैं। फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


