मैहर के ताला थाना क्षेत्र में सोमवार को बंदरों के दो गुटों के बीच संघर्ष के दौरान एक बंदर करंट की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गया। घटना के समय बंदर लगभग 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। इसके बाद वन विभाग और मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका रेस्क्यू किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, बंदर संघर्ष के दौरान बिजली के खंभे पर चढ़ गया और बिजली के तार छूते ही करंट लग गया। जोरदार धमाके के साथ बंदर नीचे गिर गया और सड़क किनारे कई घंटों तक घायल अवस्था में पड़ा रहा। वन विभाग ने किया रेस्क्यू घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बंदर को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद किया और प्राथमिक उपचार के लिए सफारी परिसर स्थित अस्पताल ले गई। रेस्क्यू के दौरान बंदर ने वन विभाग के एक अधिकारी पर हमला भी किया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बंदर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।


