सीधी के केशलार में बना बोरी बंधान:जल संरक्षण की पहल, विधायक टेकाम ने किया सम्मानित

कुशमी विकासखंड के भुईमाड़ क्षेत्र में स्थित गांव केशलार में सोमवार को भाजपा युवा मोर्चा मंडल महामंत्री सुरेंद्र बैस के नेतृत्व में तिवरिया नाला पर बोरी बंधान का निर्माण किया गया। यह प्रयास जल संग्रहण को बढ़ावा देगा और गर्मियों में पशु-पक्षियों के लिए जलस्रोत बनेगा। सुरेंद्र बैस को धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम कई बार सम्मानित कर चुके हैं। वे जल संरक्षण और पर्यावरण हितैषी कार्यों के लिए आदिवासी समाज को लगातार जागरूक और प्रेरित करते रहे हैं। उनके प्रयासों से कई ग्रामीण समुदायों में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक बदलाव आया है। इन्हीं कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भाजपा युवा मोर्चा का मंडल महामंत्री भी बनाया गया है। सुरेंद्र बैस ने इस पहल पर कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि बिना किसी सरकारी सहयोग के ग्रामीणों के साथ मिलकर बोरी बंधान बनाना दर्शाता है कि इच्छाशक्ति और जागरूकता से सीमित संसाधनों में भी बड़ा बदलाव संभव है। गर्मियों में जलस्रोत सूखने पर पशु-पक्षियों को पानी की समस्या होती है, और यह बोरी बंधान उनके लिए संजीवनी का काम करेगा। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना है कि ऐसे छोटे प्रयास जल संकट से जूझ रहे ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *