मैहर जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल हर्रई परिसर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल कक्षाओं के पास करीब 15 फीट लंबा अजगर देखा गया। अजगर को देखकर छात्र-छात्राओं और स्कूल स्टाफ में डर का माहौल बन गया। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, अजगर दिखने की सूचना तत्काल रामनगर प्रशासन और वन विभाग को दी गई। लेकिन खबर लिखे जाने तक न तो कोई प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और न ही अजगर को पकड़ने की कार्रवाई शुरू हुई। स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की नियमित आवाजाही बनी हुई है, जिससे किसी भी समय अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है। स्कूल के प्रधानाध्यापक ने कहा है कि यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी वरिष्ठ कार्यालय और संबंधित प्रशासन की होगी। इधर, स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अजगर को सुरक्षित पकड़वाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा तय करने की मांग की है।


