मैहर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 63 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 31,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली मैहर पुलिस को 11 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामपथ गवन मार्ग स्थित ग्राम बरही पुलिया के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से आरोपी राकेश चौधरी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सात कार्टूनों में कुल 63 लीटर अवैध अंग्रेजी गोवा और देशी प्रिंस लेमन शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 31,000 रुपए है। आरोपी राकेश चौधरी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी अवैध शराब बेचने के कई मामले दर्ज हैं, साथ ही उसका नाम गुंडा सूची में भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश चौधरी (पिता चुनकी चौधरी, उम्र 40 वर्ष, निवासी नई बस्ती ओइला, थाना कोतवाली मैहर) के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अनिमेष द्विवेदी, उप निरीक्षक कुलदीप पटेल, प्रधान आरक्षक जय बागरी, राजेंद्र सिंह, पवन कुमार, आरक्षक सोमेश सिंह, हिमांशु कुमार और सतीश राय की सराहनीय भूमिका रही।


