मैहर जिले में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिला कलेक्टर रानी बाटड़ ने नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की सभी शालाओं को अब सुबह 10 बजे से संचालित करने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मैहर में भीषण ठंड पड़ रही है। मंगलवार को दिनभर घना कोहरा छाया रहा, वहीं बुधवार सुबह विजिबिलिटी घटकर लगभग 50 मीटर रह गई। ठंड के बढ़ते असर से बाजारों में गर्म कपड़ों और रूम हीटर की मांग बढ़ गई है, जबकि लोग अलाव और गर्म वस्त्रों का सहारा ले रहे हैं। कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 8.8 डिग्री कम होकर 16.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो ‘सीवियर कोल्ड डे’ की श्रेणी में आता है। न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और यह 9.7 डिग्री पर रहा। लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की संभावना के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। जिला कलेक्टर रानी बाटड़ ने शालाओं के संचालन समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। अब सुबह 10 बजे से लगेगी नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाएं जिला शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मैहर जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, केन्द्रीय स्कूल, जवाहर नवोदय स्कूल, आईसीएसई, सीबीएसई एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की सुबह संचालित शालाएं अब सुबह 10 बजे से अग्रिम आदेश तक संचालित होंगी। सुबह 10 बजे से पूर्व शाला संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उल्लेखनीय है कि पूर्व में 18 नवंबर को जारी आदेश के तहत शालाओं का संचालन सुबह 9 बजे से किया जा रहा था। वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए इसे संशोधित किया गया है। यह आदेश 24 दिसंबर (बुधवार) से प्रभावशील होगा। जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और पेरेंट्स से आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।


