मैहर में शराब के लिए पैसे न देने पर टेंट हाउस के एक कर्मचारी के साथ मारपीट हुई। दरअसल, दो भाइयों ने मिलकर कर्मचारी को पीटा। पुलिस ने शिकायत के बाद शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुभारंभ गार्डन में टेंट का काम करता है पीड़ित फरियादी छविलाल दाहिया (36 साल), निवासी ग्राम मऊ सिद्धबाबा ने पुलिस को बताया कि वह शुभारंभ गार्डन में टेंट का काम करता है। 4 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:20 बजे, वह शुभारंभ गार्डन से गद्दे लेकर गगन पांडे के घर देने गया था। आरोपियों ने कर्मचारी से मांगे 500 रुपए इसी दौरान सिंधी कॉलोनी निवासी विजय सावलानी उर्फ गोरा वहां पहुंचा और छविलाल से गाली-गलौज करने लगा। उसने शराब पीने के लिए 500 रुपए की मांग की। जब छविलाल ने पैसे न होने की बात कही, तो विजय ने उस पर डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में छविलाल के सिर के बांई ओर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। पीड़ित से गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी हमले के दौरान विजय का बड़ा भाई अजय सावलानी उर्फ अज्जू भी मौके पर आ गया। उसने अपने भाई का पक्ष लेते हुए छविलाल को अभद्र गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। गगन पाण्डेय और कपिल पांडेय ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया। जाते-जाते आरोपियों ने छविलाल को दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार फरियादी की रिपोर्ट पर मैहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों, विजय सावलानी और अजय सावलानी को गिरफ्तार कर लिया। उचित कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


