मॉडल प्रश्नपत्रों से बोर्ड परीक्षा की तैयारी, 77 केंद्रों पर लगे जैमर

भास्कर संवाददाता | रायसेन माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी अब मॉडल प्रश्नपत्रों के आधार पर कराई जा रही है। इसका उद्देश्य यह है कि जहां मेधावी विद्यार्थी बेहतर अभ्यास कर मेरिट सूची में स्थान बना सकें, वहीं कमजोर विद्यार्थी भी इन प्रश्नपत्रों के अभ्यास से परीक्षा उत्तीर्ण हो सकें। जहां पर विषय विशेषज्ञ टीचर नहीं है, वहां पर दूसरे स्कूलों के विषय विशेषज्ञों को भेजकर भी तैयारी कराई जा रही है। जिले में इस तरह रिजल्ट सुधारने की कवायद चल रही है। जिले में परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिले के कुल 82 परीक्षा केंद्रों में से 77 केंद्रों पर शिक्षा मंडल द्वारा जैमर लगाए जा चुके हैं, जिससे मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह बाधित रहेगा। जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर उड़नदस्तों का गठन डीईओ श्री रजक ने बताया कि नकल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर उड़नदस्तों का गठन किया गया है। इसके अलावा कलेक्टर द्वारा भी अपने स्तर पर विशेष उड़नदस्ते बनाए गए हैं, जो परीक्षा के दौरान अचानक किसी भी केंद्र पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे। यदि किसी छात्र या छात्रा द्वारा नकल करते पाए जाने की स्थिति बनती है तो मौके पर ही कार्रवाई कर आवश्यक प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *