अलवर शहर में सड़कों पर मनमाने तरीके से बाइक चलाने और शौक के तौर पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। किसी बाइक पर पंछी तो किसी पर डरावने चेहरे का निशान, तो कहीं गुर्जर जाट जैसे शब्दों व पुलिस के स्टिकर लिखकर युवा बाइक से तेज अवाज निकालते है। इन बाइकों में ज्यादातर इनफील्ड बाइक शामिल है। ऐसे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिस ने चालान की कार्यवाही कर जब्त की है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर मॉडिफाइड बाइकों के खिलाफ चालान काटे जा रहे हैं और नियमों का उल्लंघन करने वाली बाइकों को जप्त किया जा रहा है। इसी क्रम में आज भी ट्रैफिक पुलिस ने 6 मॉडिफाइड बाइक जब्त की हैं। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात संबंधी समस्याओं और दुर्घटनाओं से बचाना है। थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि मॉडिफाइड बाइक और खतरनाक स्टंट न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा बनते हैं। इसी को देखते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


