बिना सुरक्षा उपकरण पेड़ पर चढ़ाने वाले इंजीनियर के खिलाफ केस दर्ज

भास्कर न्यूज | चिरमिरी/बैकुंठपुर नगर पालिका निगम चिरमिरी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने एक कर्मचारी की जान ले ली। करीब साढ़े पांच माह पहले हुई इस घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निगम के इंजीनियर विक्टर वर्मा के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। गवाहों के बयानों से यह साफ हुआ है कि कर्मचारी की मौत इंजीनियर के मौखिक आदेश और लापरवाही के कारण हुई थी। 6 अगस्त 2025 की दोपहर करीब 3 बजे नगर निगम पोड़ी क्षेत्र में कार्य के दौरान कोरिया कालरी निवासी बाबूलाल यादव (55 वर्ष) को एक ऊंचे पेड़ की डगाल (टहनी) काटने के लिए कहा गया था। इंजीनियर विक्टर वर्मा ने बाबूलाल को बिना किसी सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट या सुरक्षा उपकरणों के पेड़ पर चढ़ने का मौखिक आदेश दिया। पेड़ से गिरने के कारण बाबूलाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक गवाहों (मोहरमनिया यादव, राजेश कुमार, दीपक, आशीष, विजय और छत्रपाल) के बयान दर्ज किए। बयानों में यह सामने आया कि इंजीनियर ने सुरक्षा नियमों की पूरी तरह अनदेखी की, कर्मचारी को खतरनाक काम के लिए जरूरी उपकरण मुहैया नहीं कराए गए। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *