मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:चुनाव के पहले केजरीवाल के 8 विधायकों का इस्तीफा; राष्ट्रपति का अभिभाषण, सोनिया ने बेचारी कहा; सोना ₹82 हजार पार

नमस्कार, कल की बड़ी खबर राष्ट्रपति के अभिभाषण से जुड़े विवाद से जुड़ी रही। राहुल गांधी ने उनके भाषण को बोरिंग बताया। एक खबर AAP के 8 विधायकों के इस्तीफे को लेकर रही। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… 1. संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण को राहुल ने बोरिंग बताया, सोनिया ने बेचारी कहा 18वीं लोकसभा के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के जॉइंट सेशन में 59 मिनट का अभिभाषण दिया। उनके इस अभिभाषण पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी पर विवाद हुआ। सोनिया गांधी ने द्रौपदी मुर्मू के लिए बेचारी शब्द इस्तेमाल किया। वहीं राहुल ने भाषण को बोरिंग बताया। राष्ट्रपति भवन के प्रेस सेक्रेटरी ने भी सोनिया गांधी के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा- विपक्षी सांसदों का बयान दुर्भाग्यपूर्ण और राष्ट्रपति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है। भाजपा ने इसे आदिवासी समाज का अपमान बताया और माफी की मांग की। पढ़िए सोनिया-राहुल का कमेंट… सोनिया गांधी- अंत तक राष्ट्रपति बहुत थक गईं थीं। बेचारी वह मुश्किल से बोल पा रही थीं। राहुल गांधी- यह बोरिंग था, वहीं बातें बार-बार रिपीट की गईं। PM बोले- ये आदिवासियों का अपमान: प्रधानमंत्री ने द्वारका में चुनाव प्रचार के दौरान कहा;- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की राष्ट्रभाषा हिंदी न होने के बावजूद उन्होंने बेहतरीन तरीके से आज संसद में भाषण दिया। कांग्रेस के शाही परिवार ने आदिवासी बेटी का अपमान किया। शाही परिवार के एक सदस्य ने राष्ट्रपति के भाषण को बोरिंग कहा तो दूसरे ने राष्ट्रपति को ‘Poor Thing’ और थकी हुई कहा। ये देश के सभी आदिवासी भाई-बहनों का अपमान है। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. केजरीवाल के 8 विधायकों का इस्तीफा, पार्टी भी छोड़ी; टिकट ना मिलने से नाराज थे दिल्ली विधानसभा चुनाव से 5 दिन पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के 8 विधायकों ने पार्टी और पद से इस्तीफा दे दिया। इन सभी ने विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने और पार्टी में भ्रष्टाचार को इस्तीफे की वजह बताया। महरौली से दो बार के विधायक नरेश यादव ने कहा, ‘AAP का उदय राजनीति से भ्रष्टाचार को मुक्त करने के लिए हुआ था। लेकिन अब पार्टी खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई है।’ AAP ने 26 विधायकों के टिकट काटे: AAP ने 21 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच यानी 30 दिनों में कुल 5 लिस्ट में 70 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। इसमें 26 विधायकों के टिकट काट दिए गए थे. जबकि 4 विधायकों की सीट बदली गई थी। दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग होनी है। रिजल्ट 8 फरवरी को आएगा। पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. सोना पहली बार 82 हजार रुपए पार, 31 दिन में दाम ₹6003 बढ़े
10 ग्राम सोने की कीमत पहली बार 82 हजार रुपए के पार चली गई है। शुक्रवार को सोना 862 से बढ़कर 82,165 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 31 दिन में इसके दाम 6,003 रुपए बढ़ चुके हैं। वहीं, चांदी 7,160 रुपए बढ़कर 93,177 रुपए प्रति किलो हो गई है। सोने में तेजी के 5 प्रमुख कारण पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. दावा- ममता कुलकर्णी और किन्नर महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण निष्कासित, अजय दास बोले- वे रास्ते से भटकीं खुद को किन्नर अखाड़ा के संस्थापक बताने वाले ऋषि अजय दास ने लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी और अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर पद से हटाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि ममता को महामंडलेश्वर बनाने में प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, जिस पर (ममता पर) देशद्रोह का आरोप हो। उसे महामंडलेश्वर कैसे बनाया जा सकता है? हालांकि, महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण ने अजय दास के दावे को खारिज किया है। उन्होंने कहा- वे कौन होते हैं, मुझे अखाड़े से निकालने वाले। उन्हें खुद 2017 में किन्नर अखाड़े से निकाल दिया गया था। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष का बयान: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने दैनिक भास्कर से कहा- किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर को अखाड़े से निकालने की बात गलत हैं। आखिर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को निकालने वाले ऋषि अजय दास होते कौन हैं? हम उन्हें नहीं जानते। पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. सचिन तेंदुलकर को मिलेगा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, बुमराह और मंधाना 2024 के बेस्ट क्रिकेटर BCCI सचिन तेंदुलकर को लाइफ टाइम अवॉर्ड देने जा रहा है। तेंदुलकर को यह अवॉर्ड आज BCCI के हेड ऑफिस में वार्षिक समारोह में दिया जाएगा। बोर्ड के एक अधिकारी ने PTI से इस बात की पुष्टी की है। 51 साल के तेंदुलकर यह अवॉर्ड हासिल करने वाले 31वें क्रिकेटर होंगे। उनके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 2023-24 के बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर के लिए BCCI पॉली उमरीगर अवॉर्ड देगा। जबकि स्मृति मंधाना ने महिला वर्ग में यह पुरस्कार जीता है। तेंदुलकर वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी: तेंदुलकर ने भारत के लिए 664 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनके नाम टेस्ट और वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हैं। तेंदुलकर ने 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन बनाए हैं, जबकि 463 वनडे में उनके नाम 18,426 रन हैं। सचिन ने एक टी-20 इंटरनेशनल मैच भी खेला है। इससे पहले 2023 में भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री को यह अवॉर्ड दिया गया था। पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश, FY26 में GDP ग्रोथ 6.3% से 6.8% रह सकती है वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इकोनॉमिक सर्वे पेश किया। इसके अनुसार FY26 यानी, 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के दौरान GDP ग्रोथ 6.3% से 6.8% रहने का अनुमान है। वहीं, 2023-2024 में रिटेल महंगाई 5.4% थी, जो अप्रैल-दिसंबर 2024 में 4.9% हो गई। इकोनॉमिक सर्वे बजट से एक दिन पहले पेश किया जाता है। इसमें देश की GDP का अनुमान और महंगाई समेत कई जानकारियां होती है। इससे पता चलता है कि देश की अर्थव्यवस्था की हालत कैसी है। दिसंबर में महंगाई दर 4 महीने के निचले स्तर पर आई: खाने-पीने की चीजें सस्ती होने से दिसंबर में रिटेल महंगाई दर 4 महीने के निचले स्तर पर आ गई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक महंगाई घटकर 5.22% हो गई है। इससे पहले नवंबर में महंगाई दर 5.48% पर थी। वहीं 4 महीने पहले अगस्त में महंगाई 3.65% पर थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. भारत ने इंग्लैंड से लगातार 5वीं टी-20 सीरीज जीती, हार्दिक-दुबे ने फिफ्टी लगाई भारत ने इंग्लैंड को पुणे में 15 रन से चौथा टी-20 हरा दिया। इसी के साथ टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ लगातार 5वीं टी-20 सीरीज भी जीत ली। इंग्लैंड को 2014 में आखिरी सीरीज जीत मिली थी। भारत से कन्कशन सब्स्टीट्यूट हर्षित राणा और स्पिनर्स ने मिलकर 9 विकेट लिए। इसी ने जीत-हार का फर्क भी पैदा किया। मैच के हाईलाइट्स: MCA स्टेडियम में इंग्लैंड ने बॉलिंग चुनी। भारत ने 9 विकेट खोकर 181 रन बनाए। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने 53-53 रन की पारियां खेलीं। साकिब महमूद ने 3 विकेट लिए। इंग्लैंड की टीम 19.4 ओवर में 166 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हैरी ब्रूक ने फिफ्टी लगाई। हर्षित और रवि बिश्नोई ने 3-3 विकेट लिए। चौथा टी-20 खत्म होने के साथ ही भारत ने सीरीज में अजेय बढ़त बना ली। पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ: अधिकारी नहीं दे पाए भगदड़ जांच टीम के जवाब, आज 73 देशों के डेलीगेट्स आएंगे महाकुंभ में मौनी अमावस्या को हुई भगदड़ की जांच करने न्यायिक आयोग की टीम प्रयागराज पहुंची। आयोग के सदस्यों ने मेला अधिकारियों से घटना को लेकर सवाल पूछे। लेकिन अधिकारी जवाब नहीं दे पाए। महाकुंभ में रोज क्या हो रहा है और अगले दिन क्या होने वाला है, उससे जुड़ी सारी जरूरी जानकारी के लिए हर सुबह देखिए ‘कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ’। पूरी जानकारी यहां मिलेगी… अब खबर हटके… मशहूर पेंटर जॉन कांस्टेबल की खोई पेंटिंग नीलामी होगी मशहूर पेंटर जॉन कांस्टेबल की 19वीं सदी में बनाई गई एक पेंटिंग की नीलामी होने वाली है। यह पेंटिंग सालों पहले खो गई थी। इस पेंटिंग का नाम ‘डेधम वेल लुकिंग टुवर्ड्स लंघम’ है और इसकी चौड़ाई 15 इंच है। इसकी नीलामी 15 मार्च को टेनेंट्स ऑक्शनीर्स की तरफ से करवाई जाएगी। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… वृष राशि वालों को अनुभवी लोगों से मुलाकात का मौका मिलेगा। बिजनेस के काम गंभीरता से करें। जानिए आज का राशिफल… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *