भास्कर न्यूज | पीथमपुर कड़ाके की ठंड और शीतल हवाओं के बावजूद श्रद्धा, भक्ति और आस्था का उत्साह रविवार की अलसुबह पीथमपुर में देखते ही बन रहा था। पूरा क्षेत्र हर हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा, जब मॉर्निंग वॉक योग समिति द्वारा आयोजित 72वीं पद यात्रा का भव्य समापन बाबा कलेश्वर नाथ मंदिर में हुआ। इस पावन अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु भोले बाबा के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। सुबह ठीक 5 बजे, जब अधिकांश लोग ठंड से रजाई में दुबके रहते हैं, उस समय मॉर्निंग वॉक योग समिति के सदस्य अनुशासन, एकजुटता और शिवभक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पद यात्रा के लिए रवाना हुए। हाथों में भगवा ध्वज, मुख पर भक्ति भाव और कंठ में “बोल बम” के नारे वातावरण को पूरी तरह शिवमय बना रहे थे। पद यात्रा के समापन के बाद बाबा कलेश्वर नाथ मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन किया गया। जैसे ही आरती प्रारंभ हुई, पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार से आलोकित हो उठा। शंख, घंटा और ढोल-नगाड़ों की ध्वनि के बीच श्रद्धालु भावविभोर होकर भोले बाबा की आराधना में लीन हो गए। महाआरती के दौरान भक्तों ने बाबा से परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र की खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना की। आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। सामूहिक योग, प्राणायाम व ध्यान के महत्व पर जोर मॉर्निंग वॉक योग समिति द्वारा निरंतर आयोजित की जा रही यह पद यात्रा अपने 72वें पड़ाव तक पहुंचना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, योग, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देना भी है। हर पद यात्रा में समिति के सदस्य सामूहिक योग, प्राणायाम और ध्यान के महत्व पर भी चर्चा करते हैं। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह यात्रा वर्षों से नियमित रूप से आयोजित की जा रही है।


