प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के सिर्फ तीन महीने बाद ही त्रिनिदाद एंड टोबैगो के शहर पोर्ट ऑफ स्पेन में जयपुर फुट का 120वां इंटरनेशनल शिविर शुरू हो गया। इस शिविर में 800 दिव्यांगों को कृत्रिम पैर और हाथ लगाए जाएंगे। आयोजन का उद्घाटन त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने किया। शिविर भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (BMVSS) की ओर से आयोजित किया गया है। इसका पूरा खर्च भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने उठाया है। जयपुर फुट यूएसए के चेयरमैन प्रेम भंडारी ने बताया- शिविर को सफल बनाने में भारत के उच्चायुक्त डॉ. प्रदीप सिंह राजपुरोहित का अहम योगदान रहा। जयपुर फुट संस्था (BMVSS) की स्थापना 1975 में डी.आर. मेहता ने की थी। तब से अब तक संस्था ने 50 देशों में 25 लाख से ज्यादा दिव्यांगों को कृत्रिम अंग लगाकर नया जीवन दिया है। त्रिनिदाद में शुरू हुआ यह शिविर संस्था का 120वां अंतरराष्ट्रीय शिविर है। मोदी की घोषणा के तीन महीने बाद शिविर बना हकीकत भंडारी ने बताया- प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ समय पहले त्रिनिदाद की संसद के संयुक्त सत्र में जयपुर फुट शिविर की घोषणा की थी। घोषणा के तीन महीने के अंदर शिविर शुरू हो गया और हमारे संस्थापक पद्मभूषण डी.आर. मेहता ने 91 साल की उम्र में त्रिनिदाद आकर खुद उद्घाटन में हिस्सा लिया। 150 सेकंड में मिला स्थायी केंद्र के लिए फंड न्यूयॉर्क में जयपुर फुट यूएसए, BRUHUD न्यूयॉर्क सीनियर्स और राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रेम भंडारी ने त्रिनिदाद में स्थायी जयपुर फुट केंद्र स्थापित करने की घोषणा की थी। इसके लिए सिर्फ 150 सेकेंड में पांच लोगों ने मिलकर 75,000 अमेरिकी डॉलर देने की घोषणा की। इसमें प्रेम भंडारी, अजय पटेल, मनीष दाधा, अमित अलघ और डॉ. सोना रामदथ शामिल रहे। योगदान देने वालों में शामिल रहे- प्रेम भंडारी – $15,000 अजय पटेल (प्रेसिडेंट, BRUHUD NY Seniors) – $15,000 मनीष दाधा (वाइस चेयरमैन, जयपुर फुट यूएसए) – $15,000 अमित अलघ (चेयरमैन, अयोध्या श्री राम ऑर्गनाइजेशन, TT) – $15,000 डॉ. सोना रामदथ – $15,000 भंडारी ने बताया कि जयपुर फुट के संस्थापक डी.आर. मेहता ने तुरंत ही इस केंद्र के लिए जरूरी मशीनें देने का भी निर्णय लिया। प्रधानमंत्री बिसेसर हुईं भावुक जयपुर फुट के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर भावुक हो गईं। उन्होंने प्रेम भंडारी से कहा- आपके जयपुर फुट वियर का वीडियो देखकर मेरी रोने की इच्छा हुई। बातचीत के दौरान जब उन्हें पता चला कि प्रेम भंडारी, डी.आर. मेहता और डॉ. प्रदीप सिंह राजपुरोहित तीनों जोधपुर से हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि वे खुद भी जोधपुर जा चुकी हैं। कमला बिसेसर ने यह भी याद किया कि जोधपुर के पूर्व महाराजा गज सिंह कभी त्रिनिदाद एंड टोबैगो में भारत के हाई कमिश्नर रह चुके हैं। इस दौरान प्रेम भंडारी ने उन्हें जोधपुर और राजस्थान आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया।


