भास्कर न्यूज | मोगा मोबाइल फोन पर बात करते हुए जा रहे व्यक्ति से एक युवक फोन झपटकर भाग निकला, जिसको पीछा कर लिया गया। उसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। थाना धर्मकोट के एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि गांव लोहगढ़ के रहने वाले मनिंदर सिंह ने पुलिस को बयान दिया कि 19 मार्च को सुबह 8 बजे गांव में पैदल जा रहा था। इसी बीच उसे किसी का फोन आने पर वह फोन पर बात करते हुए जा रहा था। इतने में एक युवक उसके आया और उसका मोबाइल झपटकर भाग गया। मनिंदर सिंह ने बताया कि उसने झपटमार का पीछा किया तो झपटमार ने रास्ते में ही मोबाइल फेंक दिया। मनिंदर सिंह ने बताया कि उसके शोर मचाने पर लोग भी उसके पीछे भागने लगे और उन्होंने लोगों की मदद से झपटमार को पकड़ लिया और उसकी धुनाई करने के बाद मौके पर पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह निवासी गांव कैला के खिलाफ झपटमारी करने के आरोप में केस दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


