इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए NHAI ने स्पीड ब्रेकर पर मार्किंग की है। मोरटक्का पुल के दोनों साइड पर बने हार्ड स्पीड ब्रेकर पर मार्किंग नहीं होने से आए दिन ब्रेकर से वाहन उछल रहे थे, जिससे दुर्घटनाएं हो रही थीं। रात के अंधेरे में ये ब्रेकर और भी खतरनाक हो जाते थे। NHAI खंडवा के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशुतोष सोनी को नगर के मोहित साहू, गणेश नरीया, अशोक जाधव ने ब्रेकरों से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर अवगत कराया और ब्रेकर पर मार्किंग किए जाने की मांग की। सोनी ने तत्काल हाईवे निर्माण कर रही कंपनी को मार्किंग करने के निर्देश दिए। कंपनी ने रोड़ मार्किंग मशीन बुलाकर इन खतरनाक ब्रेकरों पर मार्किंग की, जिससे अब दुर्घटनाओं में कमी आएगी और जाम से निजात मिलेगी। – पूर्व में हो चुकी है कई घटनाएं मोरटक्का पुल पर पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा है और पुल पर लंबा जाम लग गया था। ग्रामीणों ने एनएचएआई को मार्किंग करवाने के लिए धन्यवाद दिया हैं। बता दें कि, 1947 में निर्मित इस पुल पर 25 टन से अधिक वजनी वाहनों के आवागमन पर रोक है, लेकिन इसके बावजूद 80 टन से अधिक वजनी वाहन धड़ल्ले से चल रहे हैं। पुल की जर्जर स्थिति के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता हैं।


