शाजापुर में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत मोरटा की महिलाओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर दोपहर 12 बजे करीब बिजली समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर नेहा गंगारे को कलेक्टर के नाम संबोधित यह ज्ञापन दिया, जिसमें मोरटा बर्डी क्षेत्र में अतिरिक्त बिजली डीपी लगाने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम मोरटा बर्डी में वर्तमान में केवल एक ही बिजली डीपी है। इस पर अत्यधिक लोड होने के कारण लगातार तकनीकी खराबी आ रही है, जिससे बार-बार बिजली गुल हो जाती है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और अन्य दैनिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। महिलाओं ने यह भी बताया कि ओवरलोड के कारण बिजली की खपत भी अधिक दर्शाई जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिल चुकाने पड़ रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि वे समय पर बिजली बिल जमा करना चाहती हैं, लेकिन अधिक बिल आने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में एक अतिरिक्त डीपी स्थापित की जाए, ताकि लोड संतुलित हो सके और बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे। महिलाओं ने प्रशासन से इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगी। जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


