शहडोल के गोहपारू थाना क्षेत्र के मोहतरा गांव में एक खेत में नवजात बच्ची का शव मिला है। ग्रामीणों ने खेत में शव देखकर तत्काल गोहपारू थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, नवजात बच्ची का शव मोहतरा आईटीआई कॉलेज के पीछे स्थित एक खेत में पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया बच्ची की उम्र एक से दो दिन के बीच प्रतीत हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को यहां फेंका गया था। ग्रामीणों ने बताया कि खेत में काम करते समय उनकी नजर नवजात के शव पर पड़ी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। गोहपारू थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि नवजात बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को किसने और किन परिस्थितियों में खेत में फेंका। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में प्रसव हुई गर्भवती महिलाओं की जानकारी भी जुटा रही है। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


