शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया में नलजल योजना का कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है।इस परियोजना के कारण पुरानी पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं,जबकि नई पाइपलाइन बिछाने का काम अधूरा है।इससे क्षेत्र के दर्जनों वार्डों में पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहन बड़ोदिया के नलखेड़ा रोड स्थित चार वार्डों में कार्य पूर्ण हुए एक माह से अधिक का समय हो गया है,लेकिन टेस्टिंग के दौरान जगह-जगह पानी के रिसाव की समस्या सामने आ रही है।वहीं, श्रीकृष्ण मंदिर और दाऊजी मंदिर के समीप भी एक माह से अधिक समय से पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई की गई है,जिससे वार्ड क्रमांक 1 से 4 की नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। नालियां क्षतिग्रस्त होने के कारण उनका पानी मोहल्ले की गलियों और सड़कों पर फैल रहा है।इससे गंदगी बढ़ रही है और मच्छरों का प्रकोप भी पनप रहा है।मोहन बड़ोदिया निवासी प्रेमसिंह मंडलोई ने मीडिया से चर्चा में बताया कि श्रीकृष्ण मंदिर और दाऊजी मंदिर के दर्शन करने आने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं को इसी गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। ग्राम पंचायत मोहन बड़ोदिया के सरपंच प्रतिनिधि रामेश्वर पाटीदार ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार और जल निगम के अधिकारियों को अवगत कराया है कि जहां कार्य पूर्ण हो गया है, वहां वाल्व लगाकर जल आपूर्ति शुरू की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि नलजल योजना के कारण ग्राम पंचायत की पुरानी पाइपलाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे कई वार्डों में पानी नहीं मिल पा रहा है। खुदाई के कारण गांव की सीसी रोड और नालियां भी पूरी तरह टूट गई हैं। इस मामले में जल निगम के अधिकारी सचिन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस समस्या की जानकारी आप के माध्यम से मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थिति का जायजा लिया जाएगा और जनवरी तक कार्य को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। हालांकि, दिसंबर का अंतिम सप्ताह चल रहा है और कार्य की गति सुस्त है, ऐसे में अधिकारियों के दावों पर सवाल उठ रहे हैं और आमजन को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है।


