टीकमगढ़ के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में बिजली पंप जब्त करने गई बिजली कंपनी की टीम पर हमला हुआ है। घटना शनिवार को पंचमपुर गांव में हुई।दरअसल, जब टीम बिना कनेक्शन के चल रहे एक अवैध विद्युत पंप को जब्त करने पहुंची थी। विद्युत कंपनी के सहायक अभियंता नितिन बाथम ने बताया कि जब टीम ने पंप जब्त करना शुरू किया, तो किसान परिवार ने गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों से जब्त की गई मोटर छीन ली और शासकीय वाहन पर पत्थर भी फेंके। बाथम के अनुसार, मोहनगढ़ वितरण केंद्र के अंतर्गत पंचमपुर गांव में मनोज पिता हरीरे अहिरवार 25 केवी हरिजन बस्ती वाले ट्रांसफार्मर से अवैध रूप से विद्युत मोटर का उपयोग कर रहे थे। लाइनमैन जगभान सिंह यादव ने पहले भी उन्हें कई बार सूचित किया था और कनेक्शन लेने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। चेकिंग के दौरान जब मनोज अहिरवार की मोटर जब्त की जा रही थी, तब मनोज और उनके परिजनों ने कर्मचारी सुवेंद्र यादव और देवेंद्र कुम्हार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट की। उन्होंने जबरन मोटर छीन ली और शासकीय कार्य में बाधा डाली। हमलावरों ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि विभाग द्वारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई, तो टीम में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ हरिजन एक्ट लगवा दिया जाएगा। इस घटना से विभाग के कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। सहायक अभियंता नितिन बाथम ने बताया कि इस मामले की लिखित शिकायत मोहनगढ़ थाने में दर्ज कराई गई है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने अब तक न तो मामला दर्ज किया है और न ही आवेदन की पावती दी है।


