राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत शनिवार सुबह विशेष ट्रेन (रीवा इतवारी 11755) से मैहर रेलवे स्टेशन पहुंचे। सुबह 07:07 बजे स्टेशन पर पहुंचने के बाद उन्हें सुरक्षा घेरे में कार से संघ कार्यालय, बॉस कॉलोनी ले जाया गया। वहां अल्प विश्राम के बाद उनका काफिला स्टेट बैंक चौराहा होते हुए मां शारदा देवी मंदिर के दर्शन हेतु रवाना हुआ। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने मंदिर प्रांगण को आम दर्शनार्थियों से खाली करा दिया है और सीढ़ी मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को नियंत्रित संख्या में प्रवेश दिया जा रहा है। दर्शन के उपरांत भागवत का काफिला राम पथ गमन मार्ग से सतना के लिए रवाना होगा। आगमन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए इस बीच, पुलिस बल की ओर से संघ प्रमुख के कार्यक्रम स्थल और मार्ग पर स्थित सभी दुकानों और मकानों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट रानी बाटड ने सुरक्षा कारणों से शनिवार को सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक पूरे मैहर तहसील क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया है। इस अवधि में ड्रोन, पैराग्लाइडर और हॉट एयर बैलून जैसी उड़ान गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


