मोहन यादव सरकार के दो साल पूरे:प्रभारी मंत्री बोले- मध्यप्रदेश ने सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के मुकाम हासिल किए

कौशल विकास एवं रोजगार विभाग और जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार के दो साल पूरे होने पर इसे उपलब्धियों से भरा कार्यकाल बताया। उन्होंने कहा कि इन दो वर्षों में मध्यप्रदेश ने सामाजिक, सांस्कृतिक, औद्योगिक और आर्थिक विकास के कई नए मुकाम हासिल किए हैं। प्रभारी मंत्री टेटवाल ने बताया कि सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं। उन्होंने उज्जैन जिले के विकास और सेवा का मौका मिलने को अपने लिए गर्व की बात बताया। मंत्री ने कहा कि उज्जैन के जननायक डॉ. मोहन यादव का मुख्यमंत्री बनना प्रदेश के इतिहास का एक महत्वपूर्ण क्षण है। उनके नेतृत्व में सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा दी है। उज्जैन के लिए मुख्यमंत्री ने दो बड़ी योजनाएं शुरू की हैं। पहली 919 करोड़ रुपए की कान्ह डायवर्जन और क्लोज डक्ट परियोजना है, जिससे शिप्रा नदी को गंदे पानी से मुक्त कर स्वच्छ और प्रवाहमान बनाया जाएगा। दूसरी 614 करोड़ रुपए की सेवरखेड़ी-सिलारखेड़ी परियोजना है, जिससे पूरे साल शिप्रा में पवित्र जल उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा 778 करोड़ रुपए की लागत से 29 किलोमीटर लंबे घाटों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। सरकार की अन्य उपलब्धियों की बात करें तो विक्रमोत्सव के दौरान दुनिया की पहली वैदिक घड़ी की शुरुआत की गई और उज्जैन में आकाशवाणी केंद्र का शुभारंभ हुआ। प्रदेश में 1450 किलोमीटर लंबे राम वन गमन पथ का निर्माण चल रहा है। भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित करने के लिए ‘श्रीकृष्ण पाथेय न्यास’ को मंजूरी दी गई है। वहीं 19 धार्मिक शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में शराब दुकानों और बार पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *