भास्कर न्यूज | कोदवा कोदवा से बेरला जाने वाली सड़क पर मोहभट्ठा गांव में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर दो बिजली खंभों को तोड़ते हुए एक किसान के खेत में जा घुसी। संयोगवश खंभों में करंट नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी भी ग्रामीण को चोट नहीं आई और जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर स्पीड ब्रेकर और दिशा-निर्देश संकेतों के अभाव में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही बनी रहती है। हादसे में किसान की फसल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर बिजली विभाग के लाइनमैन प्रमोद साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लाइन चालू न होने से गंभीर दुर्घटना नहीं हुई, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। ग्रामीणों ने बढ़ते ट्रैफिक दबाव, जर्जर सड़क स्थिति, स्पीड ब्रेकर व संकेतकों की कमी पर चिंता जताते हुए परिवहन विभाग से कार्रवाई की मांग की है।


