भास्कर न्यूज | गाड़ाडीह परपोड़ी क्षेत्र के ग्राम गाड़ाडीह सहित आसपास के गांवों में इन दिनों बोरवेल के केबल चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। अज्ञात चोर रात के समय किसानों के खेतों में लगे बोरवेल के केबल काटकर ले जा रहे हैं। पिछले दो हफ्तों में ही गाड़ाडीह के दर्जनों किसानों के बोरवेल से केबल चोरी होने की जानकारी सामने आई है, जिससे किसानों में चिंता और नाराजगी का माहौल है। किसानों ने बताया कि वर्तमान में रबी फसल को अंतिम सिंचाई दी जा रही है। ऐसे समय में केबल चोरी हो जाने से सिंचाई व्यवस्था बाधित हो रही है। वहीं बीते खरीफ सीजन में धान का उत्पादन भी अपेक्षा के अनुसार नहीं हुआ था, जिससे कई किसान पहले से ही आर्थिक दबाव में हैं। अब चोरी की घटनाओं ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। ग्राम के किसान राज साहू ने बताया कि बीते गुरुवार रात उनके खेत में लगे बोरवेल का केबल भी चोर काटकर ले गए। बार-बार चोरी की घटनाओं के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसान निराश हैं। चोर इतने निर्दयी हैं कि केबल को दोबारा जोड़ने लायक भी नहीं छोड़ते, जिससे किसानों को पूरा नया केबल लगाना पड़ता है। ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की मांग की है।


