भास्कर न्यूज | देवरीबंगला आगामी होली एवं ईद पर्व को देखते हुए पुलिस थाना देवरीबंगला में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार प्रीतम साहू, टीआई राकेश ठाकुर एवं नायब तहसीलदार धनेंद्र कुमार कश्यप उपस्थित रहे। तहसीलदार प्रीतम साहू ने कहा कि होली का त्योहार शांति एवं भाईचारे के साथ मनाया जाए। शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका हो तो तत्काल थाना को सूचना दें। टीआई राकेश ठाकुर ने कहा कि होली एवं ईद के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी ग्राम प्रमुख अपने-अपने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। वर्तमान में परीक्षाएं भी प्रारंभ हैं, इसलिए शादी-विवाह या अन्य कार्यक्रमों में तेज आवाज में डीजे एवं लाउडस्पीकर न बजाने की हिदायत दी गई। जिन गांवों में फाग प्रतियोगिता आयोजित की जानी है, वे एसडीएम कार्यालय से आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें। बैठक के दौरान ग्राम प्रमुखों ने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी रखी। इस अवसर पर सरपंच दीप्ति साहू, पोषण बाई तारम, नागेश ठाकुर, ईश्वर देवांगन, चंद्रहास चापिरा, रेमन कुल्हारे, थानसिंह ठाकुर, विजय कुमार राणा, उपसरपंच गोविंद ठाकुर, पूर्व सरपंच केशव शर्मा, अजय देवांगन, तुलाराम बनपेला सहित देवरीबंगला थाना क्षेत्र के कोटवार, ग्राम पटेल एवं अन्य ग्राम प्रमुख उपस्थित रहे।


