मोहला में 77वां गणतंत्र दिवस, सांसद संतोष पाण्डेय ने फहराया:मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा, परेड की सलामी ली

मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के ‘जनता के नाम संदेश’ का वाचन किया और शांति के प्रतीक सफेद कपोत व तिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। समारोह को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पाण्डेय ने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ तेजी से प्रगति कर रहा है। सांसद ने ‘अंजोर विजन डॉक्यूमेंट’ का उल्लेख किया, जिसका लक्ष्य छत्तीसगढ़ को 2047 तक विकसित राज्य बनाना है। उन्होंने किसानों के हित में ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और किसानों की खुशहाली को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए ‘महतारी वंदन योजना’ के जरिए महिलाओं को आर्थिक संबल और ‘लखपति दीदी’ लक्ष्य के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की बात कही। सुरक्षा के मोर्चे पर, माओवाद के विरुद्ध प्रभावी रणनीति और नक्सलियों के पुनर्वास के लिए नई नीतियों पर जोर दिया गया। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति के गीतों पर बच्चों ने प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद स्कूल, मोहला, ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास, मोहला, द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि लाल श्याम शाह इंग्लिश मीडियम स्कूल, मोहला, ने तृतीय स्थान हासिल किया। आईटीबीपी, जिला पुलिस बल, एनसीसी और स्काउट गाइड की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा शासन की योजनाओं पर आधारित झांकियां निकाली गईं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, साथ ही वीर शहीदों के परिजनों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, एसपी यशपाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत भारती चन्द्राकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *