भास्कर न्यूज | राजनांदगांव मोहारा वार्ड पार्षद व एमआईसी मेम्बर आलोक श्रोती की पहल पर वार्ड में मातृ-पितृ पूजन के खास मौके पर वार्ड के बुजुर्गों का जहां सम्मान किया गया। वहीं युवाओं के लिए लर्निंग लाईसेंस व श्रमिकों के लिए श्रम कार्ड बनाने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। बुजुर्गों के सम्मान समारोह में वार्ड नं. 47 के पार्षद श्रोती ने बुजुर्गों का शाल-श्रीफल से सम्मानित कर मुंह मीठा कराया। श्रोती ने बताया कि बुजुर्गों के सम्मान समारोह कार्यक्रम के लिए वार्ड के 151 बुजुर्गों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के समय नवरतन नवदुर्गा जस भजन मंडली के सदस्यों द्वारा रामायण का पाठ किया गया। पूरे वार्ड में भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण माहौल रहा। कार्यक्रम में बुजुर्गों के सम्मान समारोह के साथ लर्निंग लाइसेंस शिविर एवं श्रम विभाग का भी शिविर लगाया गया था। जिसमें युवक-युवतियों एवं ई-रिक्शा चालकों के कुल 58 लर्निंग लाइसेंस बनाए गए। साथ ही श्रम विभाग के शिविर में 42 श्रमिकों ने अपना श्रमिक कार्ड बनवाया। सम्मान समारोह एवं लर्निंग लाइसेंस शिविर का शुभारंभ के मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष सचिन अग्रहरि, मिथलेश देवांगन, प्रदीप मेश्राम व संदीप साहू शामिल हुए। प्रेस क्लब अध्यक्ष सचिन अग्रहरि ने अपने उद्बोधन में बुजुर्गों के सम्मान समारोह कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मातृ-पितृ पूजन दिवस भारतीय संस्कृति के अनुरूप है। ऐसे आयोजनों से बुजुर्गों के प्रति सम्मान का भाव गहरा होता है। समापन अवसर पर शामिल हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सम्मान समारोह के समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के अनुरूप बुजुर्गों के सम्मान को बनाए रखने एवं हमेशा अपने माता-पिता की सेवा करने उपस्थित जनों को प्रेरित किया। उन्होंने पार्षद आलोक द्वारा किए गए आयोजन को एक अनुकरणीय पहल बताया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि देवशरण सेन, तरुण लहरवानी, वर्षा शरद सिन्हा, राजा मखीजा, मंडल अध्यक्ष गोलू गुप्ता, सुमित भाटिया, जिपं सदस्य प्रशांत कोड़ापे, बलवंत साहू मौजूद रहे।


