पंजाब के मोहाली के गांव बहलोलपुर स्थित माता शीतला माता मंदिर के पास बीती रात ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान महफूज अली (22) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला था और फिलहाल मोहाली के बड़माजरा में रहता था। बताया जा रहा है कि हादसे वाली जगह पर स्ट्रीट लाइटें भी बंद थीं, जो दुर्घटना का एक बड़ा कारण बनीं। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ऑटो और बाइक की सीधी टक्कर दिखाई दी। इसके बाद ऑटो पलट गया। सीसीटीवी में कैद हुई घटना जिस जगह हादसा हुआ वहां सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था और पूरी घटना उसमें कैद हो गई। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार, जिसने हेलमेट नहीं पहना था, बहुत तेज रफ्तार में आया और सामने से दाईं ओर से आ रहे ऑटो में जा टकराया। जैसे ही ऑटो और बाइक की टक्कर हुई, बाइक सवार दूर जाकर गिर पड़ा और ऑटो पलट गया। ऑटो पलटने से नीचे दबा युवक ऑटो में दो महिलाएं और दो पुरुष सवार थे। पीछे बैठा एक युवक ऑटो पलटने पर उसके नीचे आ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। तभी आसपास के लोग भागकर आए और ऑटो सीधा कर युवक को बाहर निकाला। इसके बाद लोग बाइक सवार के पास पहुंचे, जिसके शरीर से खून बह रहा था और वह बेहोश पड़ा हुआ था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और गंभीर रूप से घायल महफूज अली को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार की गलती बनी हादसे की वजह दुकानदार विक्रम राव ने बताया कि हादसे के समय वह दुकान पर मौजूद था। बाइक सवार बहुत तेज गति में था और सीधे आकर ऑटो से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो भी पलट गया और बाइक सवार काफी दूर जाकर गिरा। लोगों ने भागकर उसे उठाया। उसने हेलमेट नहीं पहना था, जिसकी वजह से उसके सिर से काफी खून निकल रहा था। कारपेंटर का काम करता था मृतक पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक मूल रूप से यूपी का रहने वाला था और मोहाली में काम की तलाश में आया था। वह पिछले 5 सालों से ठेकेदार साजन अली के पास कारपेंटर का काम कर रहा था। महफूज अभी अविवाहित था और उसके परिवार में एक बहन व दो भाई हैं।


