मोहाली के एसएसपी कार्यालय के बाहर दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी। इस घटना में रुड़की निवासी गुरप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग में गुरप्रीत को तीन गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को सील कर दिया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुरानी रंजिश से जुड़ा है मामला प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मोहाली SSP ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एसएसपी कार्यालय जैसे उच्च-सुरक्षा वाले क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


